लखनऊ : मानदेय वृद्धि सहित अपनी कई मांगों को लेकर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की पार्ट टाइम शिक्षकों का धरना जारी रहा। मंगलवार को दूसरे दिन हजरतगंज के जीपीओ पार्क पहुंच शिक्षकों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जैसे ही विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस ने बैरिकेटिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस बीच पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पार्ट टाईम टीचर्स संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर लक्ष्मण मेला स्थल पर बड़ी संख्या में शिक्षक डटे रहे। दोपहर में शिक्षकों ने हजरतगंज की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारी गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने अर्धनग्न होकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारी विधान सभा की ओर बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस ने उनको बेरिकेटिंग कर रोक लिया। बाद में जिला प्रशासन द्वारा बुधवार को मुख्य सचिव से वार्ता कराने के आश्वासन बाद प्रदर्शनकारी लौट गए। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देश दीपक दुबे ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। धरने में प्रदेश महामंत्री मयंक राय व प्रदेश सचिव ललिता शुक्ला ने समस्त शिक्षकों का वेतन एक समान करने की मांग की। धरने में सुरेश शुक्ला, सूर्य प्रकाश, हंसराज, राजेश सिंह व विनोद गुप्ता आदि शामिल रहे।
No comments:
Write comments