जिलाधिकारी श्रीकांत मिश्र ने जनपद में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2018 को लेकर कई बूथों का औचक निरीक्षण किया। इसके तहत उन्होंने भाग्यनगर ब्लाक में स्थित प्राथमित विद्यालय पुरवा समाधान में चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम की हकीकत परखी।
वहां उपस्थित बीएलओ लक्ष्मी सिंह ने बताया कि इस पोलिंग क्षेत्र में कुल 480 वोटर है। अभी तक आठ लोगों के फार्म छह भरवा कर नया वोट बनाया गया है। जबकि छह वोटरों की मृत्यु हो जाने, तीन लोगों का स्थानांतरण होने और एक के अनुपस्थित पाए जाने पर उनका वोट काट दिया गया है। इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इसमें उनको विद्यालय परिसर में कहीं भी साफ-सफाई नहीं मिली साथ ही जगह-जगह झाड़ झक्काड़ रखे मिले। शौचालय में ताला लगा मिला और प्रधानाध्यापक के कमरे में काफी गंदगी फैली पाई गई। कमरे की दीवार पर लगा मां सरस्वती का चित्र फटा था। इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक विमला देवी की कड़ी फटकार लगाते हुए नियमित साफ-सफाई करने व मां सरस्वती की नई तस्वीर लगाने का आदेश दिया। जनपद में चल रहे स्वच्छता पखवारे के बावजूद पूरे विद्यालय में फैली अव्यवस्था से नाराज होकर जिलाधिकारी श्रीकांत मिश्र ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसपी यादव को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की। इसके बाद उन्होंने कई अन्य बूथों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय लखनपुर, प्राथमिक विद्यालय पुरवा कढोरे, इंगलिश मीडियम माडल प्राइमरी स्कूल में जाकर वहां बने बूथों पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इसमें सभी जगह बीएलओ उपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने सभी बूथों पर पुनरीक्षण कार्य संतोषजनक पाया और सभी बीएलओ से कहा कि वह घर-घर जाकर वोट बनाए साथ ही बीएलओ को निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवकों को चिह्नित कर अलग से सूची बनाएं। नए वोटरों की आयु की गणना आधार कार्ड और अंकतालिका के आधार पर करें।
No comments:
Write comments